वेब सीरीज विवाद पर बढ़ा तनाव: विरोध करने वालों को धमकी, सियासी और सामाजिक हलकों में हड़कंप
पंजाब , 25 अप्रैल 2026 । पंजाब में एक वेब सीरीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस सीरीज का विरोध करने वाले कई प्रमुख नेताओं और सामाजिक हस्तियों को कथित तौर पर धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। जिन लोगों को धमकी दी गई है, उनमें अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, बिक्रम सिंह मजीठिया, सुखजिंदर सिंह रंधावा और दिवंगत पंजाबी गायक Sidhu Moosewala के पिता बलकौर सिंह शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गैंगस्टर पर आधारित वेब सीरीज का विरोध करने पर पंजाब के नेताओं को धमकी भरे मैसेज मिले हैं। बताया जा रहा है कि विवादित गैंगस्टर पर आधारित डॉक्यूमेंट्री वेब सीरीज की रिलीज के खिलाफ आवाज उठाने और इस पर बैन लगाने की मांग करने के बाद, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को भी धमकी मिली है यही नहीं सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और डीजीपी गौरव यादव को भी धमकी मिली है। जानकारी के मुताबिक, व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से नेताओं को जान से मारने की धमकी भरा मैसेज आया है। नेताओं से कहा गया है कि, इस वेब सीरीज को रिलीज होने दी जाए। गौरतलब है कि पंजाबियों के कड़े विरोध के बाद भारत सरकार ने इस वेब सीरीज की रिलीज पर बैन लगा दिया है।
राजनीतिक दलों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नेताओं का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना गलत है, लेकिन विरोध करने वालों को धमकाना भी उतना ही गंभीर अपराध है।
पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा बढ़ाने और धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है।
यह मामला अब केवल एक वेब सीरीज के विरोध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कानून-व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बीच संतुलन को लेकर बड़ी बहस का विषय बन गया है।