सियासी गलियारों में हलचल—CM आवास खाली करने की खबरों से तेज हुआ बिहार का राजनीतिक तापमान

0

पटना,  11 अप्रैल 2026 । नीतीश कुमार को लेकर बिहार की राजनीति में अचानक हलचल तेज हो गई है। खबर है कि 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से सामान को 7 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में शिफ्ट किया जा रहा है। इस घटनाक्रम ने यह अटकलें तेज कर दी हैं कि क्या मुख्यमंत्री इस्तीफे की तैयारी में हैं।

जानकारी हो कि बृहस्पतिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। अब वह राज्यसभा के सदस्य के रूप में अपनी संसदीय पारी का नया आगाज करेंगे। उनके राज्यसभा जाने के साथ ही बिहार में नयी सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा। वहीं गुरुवार दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि अब वे केंद्रीय राजनीति में सक्रिय रहेंगे। उनके इस कदम से बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है। बता दें कि नीतीश कुमार ने 1985 में बिहार विधानसभा से अपनी पारी शुरू की थी। वे 6 बार लोकसभा सांसद रहे और मुख्यमंत्री बनने के बाद 4 बार विधान परिषद के सदस्य चुने गए। वहीं आज नीतीश राज्य सभा सदस्य के रुप में शपथ ली है। जिसके साथ उन्हें चारों सदनों के सदस्य होने का गौरव प्राप्त हो गया। नीतीश कुमार लालू यादव के बाद चारों सदनों के सदस्य बनने वाले दूसरे सीएम बन गए है।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से आवास से सामान हटाने की गतिविधियां देखी जा रही हैं, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन विपक्ष और राजनीतिक विश्लेषक इसे बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देख रहे हैं।

1 अणे मार्ग बिहार के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास रहा है, और वहां से इस तरह की हलचल आमतौर पर किसी बड़े राजनीतिक फैसले से जुड़ी मानी जाती है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या राज्य की राजनीति में जल्द ही कोई बड़ा घटनाक्रम होने वाला है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह खबर सही साबित होती है, तो इसका असर राज्य की राजनीतिक दिशा और सत्ता समीकरणों पर पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजरें नीतीश कुमार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.