महिला सशक्तिकरण की मिसाल—जीविका दीदियों की सिली पोशाक से संवरेंगे आंगनबाड़ी बच्चे

0

बिहार ,  11 अप्रैल 2026 । बिहार सरकार की तरफ से जीविका दीदियों को प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता की एक कड़ी के रूप में उनके हाथों से सिले हुए 10 लाख पोशाक विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को वितरित किये जा चुके हैं। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चे ‘जीविका दीदियों’ द्वारा सिली हुई पोशाक पहनेंगे। इस पहल के तहत करीब 10 लाख पोशाक वितरित की जाएंगी, जिससे लाखों बच्चों को लाभ मिलेगा।

सरकार की तरफ से महिलाओ को रोजगार देने की योजना के तहत इस पहल का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण महिलाओं को हुआ है। हजारों जीविका दीदियों को अपने घर के पास ही सिलाई का काम मिल रहा है, जिससे उन्हें औसतन 10 हजार रुपये प्रति माह की आमदनी हो रही है। इससे न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना भी बढ़ रही है।

‘जीविका दीदियां’ स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) से जुड़ी महिलाएं हैं, जो सिलाई-कढ़ाई जैसे कार्यों के जरिए अपनी आजीविका चला रही हैं। इस योजना के तहत उन्हें बड़े स्तर पर पोशाक तैयार करने का काम दिया गया है, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस पहल का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू यह है कि आंगनबाड़ी बच्चों को समय पर और अच्छी गुणवत्ता की यूनिफॉर्म मिल सकेगी। इससे न केवल बच्चों में समानता और आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि उनकी नियमित उपस्थिति पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

सरकार का मानना है कि इस तरह की योजनाएं दोहरे लाभ का उदाहरण हैं—एक ओर महिलाओं को रोजगार और सम्मान मिलता है, वहीं दूसरी ओर बच्चों के विकास और शिक्षा को भी मजबूती मिलती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इस मॉडल को सही तरीके से लागू किया गया, तो यह देशभर में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास का एक सफल उदाहरण बन सकता है। इस सुविधा से प्रदेश में लगभग 1.13 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों में करीब 50 लाख बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जीविका रसोई के बाद जीविका पोशाक की की पहल ने जीविका समूह की दीदियों को रोजगार के बड़े अवसर प्रदान किये हैं और सरकार ने भी महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.