आतिशी के साथ नई कैबिनेट की शपथ 21 सितंबर को

0

नई दिल्ली,19 सितम्बर। दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गईं आतिशी 21 सितंबर को पद की शपथ लेंगी। आतिशी अपनी कैबिनेट के साथ शपथ लेंगी। कैबिनेट में मुकेश अहलावत नया चेहरा होंगे।

AAP ने बताया कि मुकेश सामाजिक न्याय मंत्री राजकुमार आनंद की जगह लेंगे। अहलावत दिल्ली की सुल्तानपुर माजरा सीट से विधायक हैं। वे आम आदमी पार्टी (AAP) का दलित चेहरा हैं।

दिल्ली सरकार की कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत सात सदस्य हैं। नए मुख्यमंत्री और नए सदस्यों का कार्यकाल छोटा होगा, क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल फरवरी 2025 तक है।

कैबिनेट में गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन मंत्री पद पर बरकरार रहेंगे। सातवें सदस्य के नाम की घोषणा अभी नहीं की गई है।

अरविंद केजरीवाल ने 17 सितंबर को विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री चुना गया। इसी दिन केजरीवाल ने अपना इस्तीफा दिया था।

मार्च 2023 में दिल्ली कैबिनेट का हिस्सा बनी थीं आतिशी आतिशी आप की स्थापना के वक्त ही पार्टी में शामिल हो गई थीं। 2013 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की मेनिफेस्टो ड्राफ्टिंग कमेटी की सदस्य थीं। वह पार्टी की प्रवक्ता भी रह चुकी हैं। वह दिल्ली विधानसभा में कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं और दिल्ली सरकार में सबसे ज्यादा विभागों की जिम्मेदारी उन्हीं के पास है।

आतिशी को मार्च 2023 में शराब नीति मामले में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद AAP के सामने आई मुश्किलों के चलते दिल्ली कैबिनेट में नियुक्त किया गया था। आतिशी के सामने कई चुनौतियां होंगी, क्योंकि वे दिल्ली में फिर से आम आदमी पार्टी की सत्ता वापस लाने के लिए पार्टी का प्रमुख चेहरा होंगी।

CM चुने जाने के बाद आतिशी ने कहा था कि अगले चुनाव तक मेरे पास सिर्फ दो काम हैं। पहला- दिल्ली के लोगों की भाजपा के षड्यंत्र से रक्षा करना। दूसरा- केजरीवाल को फिर से CM बनाना।

Leave A Reply

Your email address will not be published.