वाराणसी में शुरू हुआ ‘जश्न-ए-बनारसिया’, नमो घाट पर जुटेंगी देश की दिग्गज हस्तियां, कैलाश खेर देंगे खास प्रस्तुति

30 नवंबर तक चलेगा तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उद्घाटन; संगीत, साहित्य, कला और काशी की विरासत का दिखेगा संगम।

0

वाराणसी, उत्तर प्रदेश, 28 नवम्बर 2026 । उत्तर प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी काशी में शनिवार, 28 नवंबर से तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘जश्न-ए-बनारसिया’ का आगाज हो रहा है। नमो घाट पर 30 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस महोत्सव में संगीत, साहित्य, कला, फैशन और काशी की ऐतिहासिक विरासत से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह आयोजन सीआईआई बनारस बिनाले के तहत हो रहा है। इसमें प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर, नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी, तबला वादक बिक्रम घोष और फैशन डिजाइनर जेजे वलाया तथा राघवेंद्र राठौर सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 29 नवंबर की शाम होने वाली कैलाश खेर और उनके बैंड कैलासा की करीब दो घंटे की लाइव प्रस्तुति होगी। इससे पहले इतिहास लाइव, काव्यराग और कबीर कैफे भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

30 नवंबर को तबला वादक बिक्रम घोष, पंडित अंशुमान महाराज और मुंडा ट्राइबल डांस एन्सेम्बल कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बैकस्टेज सिब्लिंग्स भक्ति संगीत को आधुनिक अंदाज में पेश करेंगे।

इसके अलावा विभिन्न सत्रों में काशी की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, रचनात्मक अर्थव्यवस्था और भारतीय फैशन पर चर्चा होगी। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेंगे। तीन दिवसीय महोत्सव का समापन गंगा आरती के साथ होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.