बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामा ‘Dar-e-Nijaat’ की स्क्रीनिंग रद्द, सोशल मीडिया विरोध के बाद आयोजकों का बड़ा फैसला

पाकिस्तानी टीवी सीरियल की 28 नवंबर और 5 दिसंबर को होने वाली दो निजी स्क्रीनिंग पर विवाद, पाकिस्तानी ड्रेस कोड को लेकर उठे सवाल; पुलिस ने भी आयोजकों से मांगी जानकारी।

0

नई दिल्ली, 28 नवंबर 2026| कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पाकिस्तानी टीवी ड्रामा ‘Dar-e-Nijaat’ की स्क्रीनिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर विरोध और पुलिस की पूछताछ के बाद आयोजकों ने 28 नवंबर और 5 दिसंबर को प्रस्तावित दोनों निजी स्क्रीनिंग रद्द कर दी हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली स्क्रीनिंग का आयोजन The Bloom Society Sisters’ Club की ओर से 28 नवंबर को फ्रेजर टाउन स्थित Sheesh Kebab में किया जाना था। इसमें पाकिस्तानी ड्रामा के एपिसोड 34 और 35 दिखाए जाने थे। इसके साथ फारसी और अरबी भोजन की व्यवस्था भी प्रस्तावित थी। दूसरी स्क्रीनिंग 5 दिसंबर को The Star Club की ओर से एक निजी थिएटर में आयोजित होनी थी।

विवाद तब बढ़ा जब कार्यक्रम के निमंत्रण में पाकिस्तानी परिधान को ड्रेस कोड बताया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पाकिस्तानी कंटेंट की स्क्रीनिंग और आयोजन के तरीके पर सवाल उठाए।

बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर आर. हितेंद्र ने बताया कि पुलिस आयोजकों से जानकारी जुटा रही थी। पुलिस के अनुसार, दोनों आयोजनों के लिए पहले से अनुमति नहीं ली गई थी। बाद में आयोजकों ने खुद ही कार्यक्रम रद्द करने की पुष्टि की।

इस घटना ने भारत में पाकिस्तानी मनोरंजन कंटेंट को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.