नई दिल्ली, 28 नवंबर 2026| बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री शरवरी वाघ की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक मजबूत शुरुआत नहीं कर पाई है। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक फैमिली ड्रामा 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 4 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया, जबकि इसका घरेलू ग्रॉस कलेक्शन लगभग 4.70 करोड़ रुपये रहा। फिल्म देशभर में 7,251 शो में प्रदर्शित हुई।
फिल्म को सुबह और दोपहर के शो में दर्शकों की धीमी प्रतिक्रिया मिली, हालांकि शाम और रात के शो में दर्शकों की संख्या में सुधार देखने को मिला। पहले दिन फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी 12.17 प्रतिशत दर्ज की गई।
फिल्म में आयुष्मान और शरवरी के अलावा अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक और स्वानंद किरकिरे भी अहम भूमिकाओं में हैं।
अब फिल्म के लिए शनिवार और रविवार का प्रदर्शन बेहद महत्वपूर्ण होगा। वीकेंड पर दर्शकों की संख्या बढ़ने से इसकी कमाई में उछाल आने की उम्मीद है।