नई दिल्ली, 24 नवंबर 2026। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार जरूर दर्ज किया गया है, लेकिन हवा की गुणवत्ता अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रियल टाइम आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 242 रहा। सोमवार सुबह इसी समय यह 248 था।
दिल्ली के 57 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर उपलब्ध आंकड़ों में 46 स्थानों पर AQI 200 से ऊपर, जबकि 10 स्थानों पर 300 से अधिक दर्ज किया गया। सिरिफोर्ट सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 336 पहुंच गया। इसके बाद IGNOU-मेदान गढ़ी में 333 और नॉर्थ कैंपस में 322 AQI रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, घोगा में AQI 166 और IMD लोदी रोड पर 163 दर्ज हुआ, जो मध्यम श्रेणी में आता है। प्रदूषण में PM2.5 प्रमुख प्रदूषक बना हुआ है।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में GRAP के दूसरे चरण की पाबंदियां जारी रखी हैं। इसके तहत सड़कों की मैकेनिकल सफाई, पानी का छिड़काव और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण जैसे उपाय लागू हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषण के इस स्तर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।