किसान आंदोलन 26 नवंबर: देशभर में प्रदर्शन, राष्ट्रपति को सौंपेंगे ज्ञापन

संयुक्त किसान मोर्चा ने 2021 के किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार की ओर से दिए गए लिखित आश्वासनों को लागू करने की मांग उठाई। देशभर में करीब 100 स्थानों पर प्रदर्शन की तैयारी।

0

पंजाब, 24 नवंबर 2026|देशभर के किसान एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने 26 नवंबर 2026 को देशव्यापी प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संगठन के मुताबिक, इस दौरान देशभर में करीब 100 स्थानों पर किसान प्रदर्शन करेंगे और जिला कलेक्टरों या उपायुक्तों के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। यह कार्यक्रम 26 नवंबर 2020 को दिल्ली की सीमाओं पर शुरू हुए ऐतिहासिक किसान आंदोलन के छह साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

किसान संगठनों की प्रमुख मांग है कि केंद्र सरकार 9 दिसंबर 2021 को आंदोलन समाप्त करने के दौरान दिए गए लिखित आश्वासनों को लागू करे। इनमें सभी फसलों के लिए स्वामीनाथन आयोग के C2+50 प्रतिशत फॉर्मूले के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी और सुनिश्चित खरीद शामिल है।

इसके अलावा किसानों ने व्यापक कर्ज माफी, चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, बिजली और बीज संबंधी प्रस्तावित कानूनों को वापस लेने तथा भूमि अधिग्रहण से जुड़े अधिकारों की सुरक्षा की मांग उठाई है। SKM ने ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत सालाना 200 दिन काम और 700 रुपये दैनिक मजदूरी की मांग भी रखी है।

दिल्ली में मंदिर मार्ग से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की योजना है। वहीं हरियाणा में किसान बहादुरगढ़ से टिकरी बॉर्डर की ओर मार्च करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.