जीरकपुर, मोहाली, पंजाब, 21 नवंबर 2026| पंजाब में पुलिस अधिकारी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तरनतारन में एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के मामले में वांछित मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बहमन को पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार, 20 नवंबर को जीरकपुर के एक होटल में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई थी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के मुताबिक, पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में चंडीगढ़, दिल्ली और जयपुर तक पहुंची थी। खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जीरकपुर के होटल में कार्रवाई की। इस दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उसके साथ मौजूद एक महिला को भी हिरासत में लिया गया है।
गौरतलब है कि एएसआई इकबाल सिंह की 11 अक्टूबर 2026 को तरनतारन जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह फिरोजपुर की काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात थे और घर लौट रहे थे।
पुलिस अब इस हत्याकांड में अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश भी जारी है।