नई दिल्ली, 18 नवंबर 2026। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रही और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है।
रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 218 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
उत्तम नगर में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां एक्यूआई 415 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
साभार: वेब वार्ता