लंदन, 18 नवंबर 2026। कृत्रिम मेधा (एआई) को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच ‘कैम्ब्रिज डिक्शनरी’ ने 2026 के उस शब्द के चयन के लिए 15वीं सदी की ओर रुख किया है, जो मौजूदा सांस्कृतिक और सामाजिक माहौल को सबसे बेहतर ढंग से बयां करता है।
डिक्शनरी ने ‘ह्यूमन’ (मानव) को 2026 का शब्द चुना है। यह चयन केवल अतीत की ओर लौटने का संकेत नहीं है, बल्कि एआई के कारण मशीनों और इंसानों के बीच धुंधली होती सीमाओं को लेकर चल रही बहस का भी प्रतिबिंब है।
डिक्शनरी के शब्दकोश विशेषज्ञ कॉलिन मैकिंटोश ने कहा, ”एआई हमारे मानव होने के अर्थ को लेकर बातचीत का तरीका बदल रहा है। सोचने की क्षमता एआई को सौंपने से इंसान क्या खो सकते हैं, इस चिंता ने हमें एआई पर अपनी निर्भरता के बारे में फिर से सोचने पर मजबूर किया है। यह चिंता बड़े गणितज्ञों से लेकर छोटे बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षकों तक में है।”
लैटिन भाषा के शब्द ‘ह्यूमनस’ से बना शब्द ‘ह्यूमन’ 1450 के दशक से इस्तेमाल में है। कैम्ब्रिज डिक्शनरी के अनुसार, इसका अर्थ है- ऐसे गुणों, कमियों और भावनाओं से युक्त होना, जो इंसानों में होती हैं और जो उन्हें देवताओं, जानवरों या मशीनों से अलग करती हैं।
डिक्शनरी आमतौर पर किसी नए शब्द, प्रचलित बोलचाल के शब्द या ऐसे पुराने शब्द को वर्ष का शब्द चुनती हैं, जिसका अर्थ समय के साथ बदल गया हो।
पिछले कुछ वर्षों में कई प्रमुख शब्दकोशों के ‘वर्ड ऑफ द ईयर’ चयन में कृत्रिम मेधा का प्रभाव प्रमुखता से दिखाई दिया है।
कॉलिन्स डिक्शनरी ने 2023 में ‘एआई’ को वर्ष का शब्द चुना था, जबकि उसी साल कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने ‘हैलुसिनेट’ शब्द चुना था। यह शब्द एआई द्वारा मनगढ़ंत जानकारी प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति को दर्शाता है।
मेरियम-वेबस्टर ने पिछले साल एआई द्वारा तैयार की गई घटिया गुणवत्ता वाली सामग्री के लिए इस्तेमाल होने वाले शब्द ‘स्लॉप’ को वर्ष का शब्द चुना था। वहीं, कॉलिन्स डिक्शनरी ने एआई की मदद से सॉफ्टवेयर विकसित करने की तकनीक ‘वाइब कोडिंग’ को यह सम्मान दिया था।
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने कैम्ब्रिज डिक्शनरी के चयन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एआई इंसानों को मानव होने के अर्थ पर अधिक गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित कर रहा है।
साभार: वेब वार्ता