पिथौरागढ़, उत्तराखंड, 16 नवंबर 2026| उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में हुए हंगामे ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक और धारचूला विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद जब स्थानीय विधायक हरीश धामी ने मंच से अपनी बात रखनी चाही, तो कथित तौर पर माइक बंद हो गया। इससे नाराज विधायक और उनके समर्थकों पर मंच पर हंगामा करने, माइक और कुर्सियां फेंकने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप लगे।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। जौलजीबी थाने में विधायक समेत राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
विधायक का कहना है कि उन्हें अपने क्षेत्र की समस्याएं उठाने का अवसर नहीं दिया गया। वहीं, पिथौरागढ़ पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।