पंजाब में 16 नवंबर से जनगणना 2027 की ऑनलाइन स्व-गणना शुरू

1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगा जनगणना विभाग का स्टाफ, ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए मिलेगी 15 दिन की सुविधा।

0

चंडीगढ़, 12 नवंबर 2026|  पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा शुरू होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे।

लोगों को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए 11 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित जनगणना संचालन निदेशालय से 9 डिजिटल LED वैन रवाना की गईं। पंजाब की जनगणना संचालन निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाई। ये वैन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर लोगों को जानकारी देंगी। इनमें QR कोड भी उपलब्ध होंगे।

नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर 40 सवालों के जवाब देकर अपना विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है।

इस जनगणना की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना में भाग लें और जनगणना कर्मचारियों को पूरा सहयोग दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.