कानपुर में चौरी-चौरा एक्सप्रेस के 4 कोच पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन हादसा, रेलवे ने शुरू की जांच और यात्रियों के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर।

0

कानपुर, उत्तर प्रदेश, 12 नवंबर 2026|  उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार, 11 नवंबर की शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से गोरखपुर के लिए रवाना हुई चौरी-चौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतर गए। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के घायल होने या मौत की खबर नहीं आई।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 15003 कानपुर अनवरगंज से गोरखपुर जा रही थी। ट्रेन कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से शाम करीब 5:03 बजे रवाना हुई। इसके लगभग दो मिनट बाद बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। रेलवे ने यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए विशेष ट्रेन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। जिन यात्रियों ने यात्रा जारी नहीं रखने का फैसला किया, उन्हें टिकट का पूरा रिफंड देने की बात कही गई।

उत्तर मध्य रेलवे ने हादसे के कारणों की जांच कराने की बात कही है। फिलहाल दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, अन्य ट्रेनों का परिचालन सामान्य रहा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.