कौशांबी में NH-2 पर तेल टैंकर पलटा, भीषण आग से हड़कंप; 10 किमी तक जाम
उत्तर प्रदेश/ कौशांबी , 18 फ़रवरी 2026 । उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 2 (NH-2) पर एक तेल टैंकर के पलटने से भीषण आग लग गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लगभग 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में नेशनल हाइवे-2 पर तेज रफ्तार से जा रहा तेल का टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दौरान पास से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के खंभे से टकरा गया. तेल के टैंकर के पलटते ही टैंकर में भीषण आग लग गई. हाईवे पर तेल टैंकर को आग का गोला बनते देख ट्रक चालकों में हड़कंप मच गया. इस दौरान हाईवे पर गाड़ियां जहां थीं, वहीं रोक दी गईं. इससे करीब 10 किमी लंबा जाम लग गया.
ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान
बताया जा रहा कि तेल टैंकर के पलटते ही आग लगने पर ट्रक चालक और क्लीनर ने किसी तरह से कूदकर अपनी जान बचाई. ट्रक में लगी भीषण आग काफी देर तक धधकती रही. सूचना पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू. बताया जा रहा है कि टैंकर में मोबिल ऑयल था, जिसे लेकर ट्रक दिल्ली से कोलकाता जा रहा था.
10 किमी तक जाम में फंसी गाड़ियां
सूचना पर सैनी कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण का प्रयास किया, लेकिन घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस हादसे में कोई भी जनहानि नहीं हुई, लेकिन नेशनल हाईवे-2 पर दोनों तरफ से लंबा जाम लग गया. करीब 10 किमी तक गाड़ियां जाम में फंसी रहीं.